सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल मंडल, पूर्व रेलवे द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2026 के 15वें दिन 01.10 को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” विषयवस्तु के तहत मंडल के विभिन्न रेल परिसरों में प्रभात फेरी, सामूहिक श्रमदान, स्वच्छता शपथ एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा अन्य हितधारकों ने भाग लेकर स्वच्छता के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व एवं सहभागिता का संदेश दिया।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत डीआरएम कार्यालय, आसनसोल से आसनसोल रेलवे स्टेशन तक प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान डीआरएम संग्रह मौर्य, एडीआरएम देबब्रत चटर्जी, शाखा अधिकारीगण, रेल कर्मचारी तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने प्रभात फेरी में भाग लिया। आसनसोल रेलवे स्टेशन पर प्रभात फेरी के उपरांत सामूहिक श्रमदान किया गया। अधिकारियों, रेल कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में श्रमदान किया। डीआरएम कार्यालय, आसनसोल में भी स्वच्छता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेल परिसरों में भी सामूहिक श्रमदान किया गया। यात्री जागरूकता को भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। स्टेशनों पर “मेरी सीट मेरा डिब्बा” विषय के अंतर्गत उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने तथा अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।
अग्रिम पंक्ति में कार्यरत हाउसकीपिंग कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बराकर एवं पांडेश्वर रेलवे स्टेशनों पर हाउसकीपिंग कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट वितरित किए गए, जिससे स्वच्छता संबंधी कार्यों के दौरान सुरक्षित कार्य-पद्धति को बढ़ावा मिले।