आसनसोल

फ्री आर्टिफिशियल लिंब डिस्ट्रीब्यूशन कैंप का आयोजन

आयोजन का लक्ष्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाना है

आसनसोल : रोटरी क्लब आसनसोल ग्रेटर की पहल पर आसनसोल के एसबी गोराई रोड स्थित एक मैरिज हॉल में तीन दिवसीय फ्री आर्टिफिशियल लिंब डिस्ट्रीब्यूशन कैंप लगाया गया है। गौरतलब है कि यह कैंप महावीर सेवा सदन कोलकाता के साथ मिलकर लगाया गया है। इस कार्यक्रम में कई दिव्यांग और जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए, जिससे उनके जीवन में नई रोशनी आई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। वहीं जिन लोगों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। किसी के लिए यह दोबारा चलने का मौका था तो किसी के लिए अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बनने की नई शुरुआत थी। रोटरी क्लब आसनसोल ग्रेटर के अध्यक्ष सचिन रॉय ने कहा कि इस आयोजन के पीछे मुख्य उद्देश्य उन लोगों की मदद करना था, जो शारीरिक अक्षमता के कारण रोजमर्रा की जिंदगी में संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही कहा कि आयोजन का लक्ष्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि लोगों के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें सम्मान के साथ जीने की प्रेरणा देना है। वे चाहते हैं कि समाज का हर जरूरतमंद व्यक्ति आत्मनिर्भर बने और अपने जीवन को बेहतर तरीके से जी सके। इस मौके पर रामकृष्ण मिशन के सेक्रेटरी स्वामी सौमात्मानंदजी महाराज, रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ग्रेटर के सेक्रेटरी विश्वरंजन दासगुप्ता, ट्रेजरर जयंती चौधरी, स्वपन चौधरी, बीके ढल, जगदीश बागड़ी, बिनोद गुप्ता,सतपाल सिंह किर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT