जांच करते आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी  
आसनसोल

बर्नपुर स्टेशन पर RPF और GRP का ऑपरेशन जन-जागरण

20 बिंदुओं पर यात्रियों को किया जागरूक

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे में सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा डिवीजन के RPF पोस्ट बर्नपुर द्वारा आज एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पोस्ट कमांडर, RPF पोस्ट बर्नपुर के निर्देशन में RPF और GRP पोस्ट बर्नपुर के जवानों ने संयुक्त रूप से बर्नपुर स्टेशन परिसर और यार्ड में ऑपरेशन जन जागरण के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान बैनर-पोस्टर लगाकर, लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर और यात्रियों से सीधा संवाद कर उन्हें रेलवे सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया। RPF अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में छोटी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को 20 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूक किया गया, जिसमें ट्रैक पर न चलना, चलती ट्रेन में न चढ़ना-उतरना, फुटबोर्ड पर यात्रा न करना, ACP का दुरुपयोग न करना, अनजान व्यक्ति से कुछ भी खाना-पीना न लेना और संदिग्ध सामान की सूचना तुरंत 139 नंबर या RPF को देना शामिल है। अधिकारियों ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे ट्रैक के किनारे सेल्फी लेने और ट्रेनों पर पथराव करने से बचें। साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की मदद करने और रेल संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने की भी अपील की गई। स्थानीय यात्रियों ने RPF की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान से रेल दुर्घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगेगा।

SCROLL FOR NEXT