सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : नितुड़िया थाना क्षेत्र के बड़तोड़िया गांव के पास पुरुलिया-बराकर राज्य सड़क पर शुक्रवार सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान विकास गांतायत (57) के रूप में हुई है। वह नितुड़िया थाना क्षेत्र के भामुरिया गांव का रहने वाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह विकास मोटरसाइकिल से पुरुलिया-बराकर राज्य सड़क से होकर जा रहा था। इसी दौरान बड़तोड़िया गांव के पास उसकी मोटरसाइकिल की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में विकास समेत दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल हरमड्डी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। वहां विकास की शारीरिक स्थिति बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रघुनाथपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार घायलों में से एक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को पुरुलिया के देवेन महतो सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, उनमें से एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।