जामुड़िया : जामुड़िया थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में चुरुलिया ग्राम स्थित एक घर में छापेमारी कर अभियुक्त अस्तिक बाउरी (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार करने के बाद तलाशी के दौरान एक हथियार सहित कुल 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में जामुड़िया थाना में कांड संख्या 361/26, दिनांक 24 अगस्त 2026, दर्ज किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1बी)(ए)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को आसनसोल स्थित मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने अभियुक्त को चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बताया जाता है कि पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पुत्र प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जामुड़िया और आसपास के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस को आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद करने में सफलता मिल रही है। पुलिस अब पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि जामुड़िया क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी हथियार छिपाकर रखे गए हो सकते हैं। पुलिस रिमांड के दौरान अभियुक्त से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि हथियार कहां से आया, इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं तथा जामुड़िया के किन-किन इलाकों में अन्य हथियार छिपाकर रखे गए हैं। पुलिस बरामद हथियार और कारतूस के स्रोत तथा पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।