सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की एक टीम ने मंगलवार सुबह आसनसोल के रिटेल मार्केट, बॉम्बे होटल गली एवं सब्जी मार्केट में औचक निरीक्षण किया। गौरतलब है कि दुकानों में रखी खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता, मूल्य तालिका, ट्रेड लाइसेंस और साफ-सफाई की जांच की गई। साथ ही कीमतों को कंट्रोल करने के लिए जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान, दुकानों में चीनी, चावल, प्याज और दूसरी जरूरी चीजों की कीमतों की जांच की गई। मौके पर डीएम एस पोन्नमबलम ने कहा कि कई प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ रही थीं, इसलिए होलसेल और रिटेल मार्केट की कीमतों की तुलना करके स्थिति पर नजर रखी गई। आगे कहा कि किसी को भी बिना किसी वजह के जरूरी चीजों की कीमतें बढ़ाने के लिए नहीं कहा गया है। उन्होंने कड़ा संदेश दिया कि अगर मार्केट में कोई गड़बड़ी या गलती पाई जाती है तो कानून के मुताबिक सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस संबंध में एक मीटिंग की है। उनके निर्देश के अनुसार पश्चिम बर्दवान में चार टास्क फोर्स बनाई गई हैं, दो नगर निगमों में दो और दो अनुमंडलों में, जिनका नेतृत्व अनुमंडल अधिकारी करेंगे। इस टास्क फोर्स के सदस्य आज से जिले के सभी बाजारों पर नजर रखेंगे। अधिकारियों ने बताया कि आम लोगों को सही दाम पर सही सामान मिले और बाजार में स्वच्छता बनी रहे, इसके लिए इस तरह का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। वहीं खासकर चीनी, चावल और प्याज की कीमत इस समय थोड़ी बढ़ गई है। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि वजन के मामले में कोई हेराफेरी तो नहीं की जा रही है। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, एडीसीपी के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास, एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट, एग्रिकल्चरल मार्केटिंग डिपार्टमेंट, आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी, कंज्यूमर अफेयर्स और कई दूसरे विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इस प्रकार का अभियान पूर्व बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम, मुर्शिदाबाद जिलों में भी चलाया गया।
बेनाचिति बाजार में प्रशासन की संयुक्त छापामारी से मचा हड़कंप
दुर्गापुर के बेनाचिति बाजार में दुर्गापुर नगर निगम, कृषि विपणन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बाजार की कई दुकानों और गोदामों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान चावल, चीनी, आटा समेत विभिन्न जरूरी सामानों की कीमतों की जांच की गई। इसके साथ ही दुकानों और गोदामों में सामान के स्टॉक की स्थिति भी देखी गई। इस दौरान अधिकारियों ने जरूरी सामानों की जमाखोरी और तय कीमत से अधिक दाम पर बिक्री को लेकर भी निरीक्षण किया। अभियान में डीसीपी ईस्ट रसप्रीत सिंह, एसीपी सुबीर राय, डीएमसी कमिश्नर अबुल कलाम आजाद समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
मुर्शिदाबाद संवाददाता के अनुसार प्रशासन और पुलिस ने मुर्शिदाबाद के बहरमपुर के काशिमबाजार, सब्जी और किराना बाजार में अचानक संयुक्त अभियान चलाया। इस खास अभियान को मंगलवार को बहरमपुर अनुमंडल अधिकारी समीरन बारिक और DSP DNT सुशांत राजबंशी ने नेतृत्व किया। उनके साथ जिला कृषि मार्केटिंग और वेट एंड मेजर डिपार्टमेंट के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।