सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का पर्यवेक्षण आद्रा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अमित कंचन ने किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सीमा कुमारी सहित मंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया। साथ ही सभी ने संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यक्तिगत जीवन एवं कार्यप्रणाली में अपनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।