सूरज सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट सोशल वेलफेयर सेक्शन, पश्चिम बर्धमान के द्वारा बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। कलाकारों ने मंच पर हेरोइन, गांजा, शराब जैसे नशे के रूपों को प्रदर्शित करते हुए बताया कि कैसे नशा जीवन, परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। कलाकारों ने हास्य और गंभीर अभिनय के जरिए संदेश दिया कि नशा मुक्त भारत - स्वस्थ भारत, सशक्त भारत का संकल्प लेना जरूरी है। स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम को बड़े ध्यान से देखा और नशे से दूर रहने की शपथ ली। मौके पर चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर राज कुमार मिश्रा ने कहा कि पहले दिन 28 सितंबर को आसनसोल जोन में 5 जगहों पर कार्यक्रम होगा। इसकी शुरुआत बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल, बर्नपुर से हुआ। इसके बाद बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल के दूसरे परिसर, आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज, बी.बी. कॉलेज और आसनसोल रेलवे स्टेशन परिसर में नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन 29 सितंबर को दुर्गापुर जोन में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें सेंट पीटर स्कूल, बेनाचिती, बिधान स्कूल, बिधाननगर, NSHM कॉलेज, सिटी सेंटर एरिया और दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक और प्राचार्य सुशील कुमार सिन्हा, हीरापुर थाना के पुलिस अधिकारी तापस घोष सहित अन्य लोग मौजूद थे।