अंडाल : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कोयला मंत्रालय के निर्देशों का पालन करते हुए काजोड़ा AREA STORE को अब पूरी तरह से महिला कामगारों के हवाले करने की तैयारी है। यह न केवल ECL, बल्कि पूरे कोयलांचल के लिए महिला सशक्तीकरण की एक नई मिसाल बनेगा। आगामी 27 मार्च को ECL के सीएमडी (CMD) सतीश झा इस 'मॉडल स्टोर' का विधिवत उद्घाटन करेंगे। स्टोर के इंफ्रास्ट्रक्चर को महिलाओं के अनुकूल विकसित किया गया है। क्षेत्रीय प्रबंधन उद्घाटन समारोह की तैयारियों और स्टोर के सुंदरीकरण के लिए दिन-रात जुटा हुआ है। महिला कामगारों में इस नई जिम्मेदारी को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और अन्य महिला कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।
प्रबंधन से लेकर क्रेन ऑपरेशन तक, सब 'पिंक पावर' के पास
काजोड़ा एरिया स्टोर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां अधिकारी, क्रेन ऑपरेटर, कामगार से लेकर सुरक्षा प्रहरियों तक, सभी पदों पर केवल महिलाएं तैनात होंगी। वर्तमान में यहां करीब दो दर्जन महिला कर्मचारी कार्यरत हैं, जो क्रेन के माध्यम से भारी सामान की लोडिंग और अनलोडिंग जैसे तकनीकी कार्य, मैटेरियल्स रिसीविंग और इश्यू सेक्शन का पूर्ण प्रबंधन, स्टोर की सुरक्षा व अन्य सभीकार्यों को संभालेंगी।
प्रमोशन और श्रेणी विस्तार के खुलेंगे नए रास्ते : CMD सतीश झा
ECL के सीएमडी सतीश झा ने सन्मार्ग से कहा कि कंपनी में वर्तमान में 3000 से अधिक महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। ECL मुख्यालय में पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनिफिट्स (PRMB) विभाग की कमान महिला अधिकारियों और कामगारों को सौंपी जा चुकी है। अब काजोड़ा एरिया स्टोर महिला कामगारों द्वारा संचालित ECL का पहला मॉडल स्टोर बनने जा रहा है। महिला सशक्तीकरण के तहत यह पहल उनके (महिला कामगार) उज्ज्वल भविष्य और कंपनी के विकास में उनकी भागीदारी को और बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। इससे न केवल उनके काम करने के दायरे का विस्तार होगा, बल्कि उनके प्रमोशन एवं श्रेणी विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होगा। ईसीएल प्रबंधन ऐसी कई अन्य योजनाओं पर काम कर रहा है जिससे महिलाएं नेतृत्व क्षमता (लीडरशिप) के क्षेत्र में आगे आ सकें।