बर्नपुर : सेल आईएसपी द्वारा 10 दिनों के अंदर दुकान खाली करने के नोटिस से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि बर्नपुर बारी मैदान से बर्नपुर बस स्टैंड तक फुटपाथ पर मौजूद सभी दुकानों पर नोटिस चिपका दिया गया है। सेल आईएसपी ने कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। सेल आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध यह कार्य किया जा रहा है।
आत्महत्या करने के लिए होंगे मजबूर
दुकानदारों ने कहा कि यहां कोई 53 साल, कोई 40 तो कोई 20 साल से दुकान चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रहा है। सेल आईएसपी उन्हें हटा देगा तो वे क्या करेंगे ? उनलोगों का घर कैसे चलेगा ? उनका परिवार तो बेघर हो जायेगा। देवव्रत घोष, तरुण गांगुली, अभिजीत रॉय ने कहा कि उनका परिवार कैसे चलेगा, यह चिन्ता परेशान कर रही है। आईएसपी को उनलोगों को कोई विकल्प देना चाहिए या उनलोगों को कोई जगह दे, तब जाकर हटाये नहीं तो वे लोग आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। राम प्रसाद दे, नंद लाल साव, संजय घोष ने कहा कि करीब 250 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है, जिससे परिवार के करीब 10 हजार लोग प्रभावित होंगे, उनका क्या होगा। उनलोगों के पास कोई दूसरा उपाय नहीं है और उनसे कोई दूसरा काम भी नहीं होगा। इस मौके पर बिकास विश्वकर्मा, पकू दत्ता, बापी कर, सागर रॉय, दीपक दे सहित काफी संख्या में दुकानदार मौजूद थे।
अग्निमित्रा पॉल से मांगी मदद
दुकानदारों ने आसनसोल दक्षिण की विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पॉल से सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि उनलोगों को मंत्री अग्निमित्रा पॉल ही उन्हें बचा सकती हैं नहीं तो वे लोग बेघर हो जायेंगे और कई हजार लोग प्रभावित होंगे। दुकानदारों ने कहा कि उनलोगों का एक ग्रुप मंत्री अग्निमित्रा पॉल से मिलकर मदद की मांग करेगा।