बाराबनी : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के नूनी पंचायत में नए प्रधान और उपप्रधान का चुनाव हुआ। पंचायत के सभी सदस्यों की मौजूदगी में हुए चुनाव में ऋतु बाउरी प्रधान और सीमा मंडल उपप्रधान चुनी गईं। नए प्रधान के चुने जाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर खुशी मनाई। इस मौके पर बाराबनी के विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से पंचायत में भ्रष्टाचार हुआ है और विकास कार्यों के बजाय कटमनी ली गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद पहली बार नूनी पंचायत में बीजेपी का प्रधान चुना गया है और अब पंचायत में विकास कार्य होंगे। बीजेपी जिला कमेटी के नेता उज्ज्वल धीवर ने कहा कि नूनी के लोगों के लिए आज का दिन बेहद खुशी का है। उन्होंने सभी पात्र लोगों को आवास योजना के तहत घर दिलाने के साथ-साथ विभिन्न इलाकों में सड़क और निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही।
लोगों के लिए काम करूंगी - ऋतु बाउरी
नवनिर्वाचित प्रधान ऋतु बाउरी ने कहा कि वह ईमानदारी और निष्ठा के साथ पंचायत के लोगों के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी से जुड़े लोगों की समस्या हो, उसका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर भाजपा मंडल 2 के सोना बनर्जी सहित व्यापक संख्या में भाजपा सदस्य व कार्यकर्ता उपस्थित थे।