पांडवेश्वर : ईसीएल (ECL) के क्वार्टरों में अनधिकृत रूप से रह रहे हजारों परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी परिवार को क्वार्टर खाली करने की आवश्यकता नहीं है। मंत्री के इस आश्वासन के बाद क्षेत्र में डर का माहौल समाप्त हो गया है और भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी की मुहिम रंग लाती दिख रही है। बहुला अंचल के जामबाद-बेनियाडीह में पांडवेश्वर सीट से भाजपा प्रार्थी जितेंद्र तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय कोयला मंत्री ने कहा, "जिन लोगों को ईसीएल प्रबंधन द्वारा क्वार्टर खाली करने का नोटिस दिया गया है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। मैं सोमवार को दिल्ली जाकर उच्चाधिकारियों के साथ बैठक करुंगा और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए नया रास्ता तैयार किया जाएगा।" उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार हमेशा गरीबों और कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री के इस बयान के बाद कोलियरी क्षेत्रों में रह रहे अनधिकृत निवासियों में खुशी की लहर है।
150 युवाओं ने ज्वाइन की भाजपा
जनसभा के दौरान क्षेत्र के करीब 150 युवाओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय कोयला मंत्री ने पार्टी का झंडा सौंपकर उनका स्वागत किया।
कामचोर नेताओं को चेतावनी
जितेंद्र तिवारी ने केंद्रीय मंत्री को एक सफेद लिफाफा सौंपा, जिसमें उन नेताओं के नाम हैं जो ड्यूटी किए बिना वेतन उठाते हैं और तृणमूल के लिए गुंडागर्दी करते हैं। जितेंद्र तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चुनाव के दिन इन नेताओं ने गुंडागर्दी की, तो मंत्री महोदय से निवेदन कर इन सभी का तबादला मध्य प्रदेश कराया जाएगा। ECL कर्मी के घर पहुंचे मंत्री : सभा शुरू होने से पहले ECL कर्मियों के रहन-सहन व क्वार्टर की स्थिति को जानने के लिए अचानक संजीत सिंह नामक एक कर्मी के क्वार्टर जा पहुंचे।