फो
धनंजय - सन्मार्ग संवाददाता
जामुड़िया : ईसीएल के सातग्राम-श्रीपुर क्षेत्र अंतर्गत निमडांगा प्रोजेक्ट स्थित सातग्राम इंकलाइन में कार्यरत दो कर्मियों के सम्मान में वनभोज के अवसर पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान लंबे समय तक कोयला उद्योग में अपनी सेवाएं देने वाले ईसीएल कर्मी विष्णुदेव नोनिया (लुसमैन) एवं निरंजन प्रधान (हॉलेजमैन) को सहकर्मियों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में बड़ी संख्या में ईसीएल अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।
वनभोज के खुशनुमा माहौल के बीच आयोजित इस समारोह में दोनों कर्मियों के कार्यकाल, उनके समर्पण और विभाग के प्रति निष्ठा की सराहना की गई। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर माहौल भावुक हो गया और सहकर्मियों ने उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
इस संबंध में सातग्राम-श्रीपुर एरिया के सेफ्टी ऑफिसर एन. कर्मसाह ने कहा कि विष्णुदेव नोनिया और निरंजन प्रधान ने सातग्राम इंकलाइन में वर्षों तक पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। अपने पूरे सेवाकाल के दौरान उन्होंने कभी भी किसी को शिकायत का अवसर नहीं दिया। दोनों कर्मियों का योगदान सराहनीय रहा है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यस्थल पर उनकी कमी निश्चित रूप से महसूस की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि दोनों कर्मियों के सेवाकाल के दौरान अर्जित सभी देय लाभों का भुगतान जल्द से जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें और उनके परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद नियमानुसार मिलने वाली चिकित्सा सुविधाएं भी उन्हें और उनके परिजनों को उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
समारोह में उपस्थित श्रमिकों ने दोनों कर्मियों के साथ अपने पुराने अनुभवों को साझा किया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वनभोज के आयोजन ने इस विदाई समारोह को यादगार बना दिया।