जामुड़िया : नॉर्थ सीआरसोल कोलियरी में गुरुवार को सीटू (CITU) की ओर से आयोजित गेट मीटिंग के दौरान भाजपा समर्थकों द्वारा विरोध किए जाने तथा बैठक में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया। सीटू नेताओं का आरोप है कि प्रशासन से विधिवत अनुमति लेने के बावजूद भाजपा समर्थकों ने बैठक को बाधित करने का प्रयास किया। हालांकि, विरोध और तमाम व्यवधानों के बावजूद सीटू की ओर से गेट मीटिंग का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीटू नेता कलीमुद्दीन अंसारी ने कहा कि संगठन की ओर से कोलियरी क्षेत्रों में लगातार गेट मीटिंग के माध्यम से मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से नए लेबर कोड और वेतन बोर्ड से जुड़े मुद्दों को लेकर कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों को एकजुट करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रानीगंज से कोलकाता तक पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा की तैयारियों के क्रम में प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेकर विभिन्न कोलियरियों में गेट मीटिंग आयोजित की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अनुमति मिलने के बावजूद भाजपा समर्थकों द्वारा बैठक में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों के प्रति उनकी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक संगठन को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का अधिकार है। ऐसे में मजदूरों के हितों से जुड़े मुद्दों पर आयोजित बैठक का विरोध करना उचित नहीं है।
कलीमुद्दीन अंसारी ने स्पष्ट कहा कि सीटू के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को इस तरह के विरोध से रोका नहीं जा सकता। मजदूरों के हक और अधिकारों की लड़ाई में लाल झंडा हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। किसी भी परिस्थिति में मजदूरों की आवाज दबने नहीं दी जाएगी और संगठन अपने आंदोलन को लगातार जारी रखेगा।
इस अवसर पर सीटू नेता बिरजू यादव, शंकर दास, उज्ज्वल मुखर्जी सहित संगठन के अन्य सदस्य एवं समर्थक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।