शिलान्यास करते विधायक डॉ बिजन मुखर्जी  
आसनसोल

विधायक का शायराना अंदाज, बोले– जो वादा किया है तो निभाना पड़ेगा : डॉ. बिजन मुखर्जी

परिहारपुर–बागसिमुलिया में राज्य सरकार की बिजली सेवा पहुंचाने की पहल, विधायक ने किया विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास

Dhananjay Pathak

जामुड़िया :परिहारपुर–बागसिमुलिया क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी बिजली की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। लंबे संघर्ष और लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार की देर शाम को जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने परिहारपुर में राज्य सरकार की बिजली वितरण कंपनी डब्ल्यूबीएसईडीसीएल (WBSEDCL) की ओर से विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान बिजली के खंभे लगाने का कार्य भी शुरू हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, आजादी के बाद पहली बार इस इलाके में राज्य सरकार की बिजली व्यवस्था पहुंचाने की दिशा में ठोस पहल हुई है।

बताया जाता है कि परिहारपुर और बागसिमुलिया क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर वर्ष 2012 से ही स्थानीय लोग लगातार संघर्ष कर रहे थे। इस मांग को लेकर जिला प्रशासन से लेकर राज्य प्रशासन तक आवाज उठाई गई। जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक ज्ञापन सौंपे गए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क किया गया। यहां तक कि स्थानीय लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भी विभिन्न सरकारी विभागों को भेजे गए, लेकिन लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।

इसके बाद विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी की उपस्थिति में परिहारपुर में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों को लेकर नागरिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें बिजली समस्या के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सामूहिक प्रयास और लगातार आंदोलन के परिणामस्वरूप अब विद्युतीकरण कार्य की शुरुआत हुई है।

इस मौके पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने अपने शायराना अंदाज में कहा, "जो वादा किया है तो निभाना पड़ेगा। परिहारपुर के लोगों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में आज कदम बढ़ाया गया है। क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी बिजली समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास रहेगा कि विद्युतीकरण का कार्य जल्द पूरा हो और प्रत्येक परिवार तक राज्य सरकार की बिजली सेवा पहुंचे।"

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुल कय्यूम ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है। वर्ष 2012 से लोग बिजली की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनकी एकमात्र मांग है कि विद्युतीकरण का कार्य शीघ्र पूरा कर घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाया जाए।

इस पहल से स्थानीय लोगों में खुशी है। हालांकि, लोगों का कहना है कि खंभे लगाने के साथ तार बिछाने और घरों तक कनेक्शन पहुंचाने का काम भी जल्द पूरा होना चाहिए, ताकि वर्षों पुराना सपना साकार हो सके।

SCROLL FOR NEXT