शुभजीत अपने माता पिता के साथ  
आसनसोल

बेकाबू रफ्तार से दौड़ते बालू लदे वाहन की टक्कर ने थाम दी 18 वर्षीय शुभजीत की जिंदगी!

दो वर्षों से बिस्तर पर जिंदगी गुजार रहा युवक, इलाज में खर्च हो चुके हैं 53 लाख रुपये, घर-जमीन बेचकर भी नहीं बचा परिवार के पास पैसा

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : गांव की संकरी सड़क, दोनों ओर रिहायशी मकान और इसी रास्ते से दिन-रात तेज रफ्तार में गुजरते बालू लदे भारी वाहन। चिचुड़िया डांगालपाड़ा के ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या से परेशान हैं। इसी बीच एक दर्दनाक हादसे ने 18 वर्षीय शुभजीत घोष की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। करीब दो वर्षों से वह बिस्तर पर असहाय पड़ा है और उसके इलाज के लिए परिवार को अब 9 लाख रुपये की जरूरत है।

परिवार के अनुसार, 13 जनवरी 2025 को शुभजीत अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से गांव की सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान बालू लदे एक वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। उसे तत्काल बहादुरपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में गंभीर स्थिति देखते हुए दुर्गापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में उसकी रीढ़ की हड्डी की मेरुरज्जु (स्पाइनल कॉर्ड) में गंभीर चोट का पता चला। बेहतर इलाज के लिए उसे बेंगलुरु ले जाया गया।

शुभजीत के पिता का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बालू घाट प्रबंधन की ओर से तीन-चार किस्तों में पांच लाख रुपये की सहायता दी गई थी। साथ ही दवा और खानपान के लिए प्रतिमाह 10 हजार रुपये देने का आश्वासन मिला था, लेकिन राज्य में राजनीतिक परिवर्तन के बाद यह सहायता बंद हो गई।

परिवार का कहना है कि अब तक इलाज में करीब 53 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। बेटे के उपचार के लिए पिता को अपनी छोटी दुकान छोड़कर दिहाड़ी मजदूरी करनी पड़ रही है। जमीन-जायदाद बेचने के बावजूद परिवार पर भारी कर्ज है। करीब 10 सदस्य एक ही मकान में रहने को मजबूर हैं।

आर्थिक तंगी के कारण शुभजीत को बेंगलुरु से वापस लाना पड़ा। चिकित्सकों ने जनवरी 2027 में दोबारा जांच और उपचार के लिए बुलाया है, जिसके लिए 8 से 9 लाख रुपये की जरूरत है।

परिवार ने समाजसेवियों, आम लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों से आर्थिक मदद की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT