वा
जामुड़िया : ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह-2026 के तहत पड़सिया-बेलबाद एमडीओ परियोजना में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से खान सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर खान सुरक्षा महानिदेशक नयन सिन्हा के नेतृत्व में परियोजना का विधिवत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव भी दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए खान सुरक्षा महानिदेशक नयन सिन्हा ने कहा कि खान सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सभी की साझा जिम्मेदारी है। खदानों में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करना चाहिए। उन्होंने सभी से खान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।
वहीं, कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि खान सुरक्षा हम सभी की पहली प्राथमिकता है और किसी भी परिस्थिति में इससे समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि दुर्घटनारहित खदान का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सजगता के साथ निभानी होगी। सुरक्षा नियमों का पालन ही कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
गौरतलब है कि वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में खान सुरक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य खदानों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संभावित दुर्घटनाओं को रोकने तथा सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश देना रहा। इस अवसर पर पड़सिया खान समूह के अभिकर्ता सहित क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित थे।