जामुडिया : ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह-2026 के तहत क्षेत्र की विभिन्न खदानों एवं परियोजनाओं का खान सुरक्षा संबंधी निरीक्षण किया गया। इस क्रम में नॉर्थ सियारसोल ओसीपी, बांसड़ा कोलियरी तथा नारायणकुड़ी हाईवाल परियोजना का विधिवत निरीक्षण कर वहां सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण के दौरान खदानों में सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही खान सुरक्षा मानकों के बेहतर अनुपालन, संभावित जोखिमों से बचाव तथा सुरक्षित खनन कार्यों को लेकर आवश्यक परामर्श एवं दिशा-निर्देश दिए।
नॉर्थ सियारसोल ओसीपी में आयोजित निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान खान सुरक्षा महानिदेशालय, पूर्वी क्षेत्र के खान सुरक्षा महानिदेशक (खनन) अनिल कुमार दास की प्रमुख उपस्थिति रही। इस अवसर पर कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने निरीक्षण के लिए पहुंचे सभी अधिकारियों का क्षेत्र की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण समिति की ओर से खान सुरक्षा के संबंध में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन कार्यों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।