फो
जामुड़िया : ईसीएल के परासिया एमडीओ परियोजना से हो रहे ओवरलोड कोयला परिवहन के खिलाफ बुधवार को स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने परियोजना से कोयला लेकर निकल रहे कई डंपरों को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस सड़क से लगातार ओवरलोड कोयला लदे डंपरों का आवागमन हो रहा है, उसी सड़क के किनारे एक प्राथमिक विद्यालय भी स्थित है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ छोटे-छोटे स्कूली बच्चे पैदल आवागमन करते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों के कारण हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय निवासियों ने बताया कि एमडीओ परियोजना से निर्धारित नियमों की अनदेखी कर डंपरों में क्षमता से अधिक कोयला लादकर परिवहन किया जा रहा है। ओवरलोड होने के कारण वाहनों के झटकों से कोयले के बड़े-बड़े टुकड़े सड़क पर गिरते रहते हैं, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि डंपर लगातार तेज गति से गुजरते हैं, जिससे अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
अभिभावकों ने बताया कि कुछ दिन पहले एक डंपर से कोयले का टुकड़ा सड़क पर गिरने से एक स्कूली छात्रा घायल हो गई थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि डंपरों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही कोयला लादा जाए तथा परिवहन के दौरान सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढका जाए, ताकि सड़क पर कोयला न गिरे। ग्रामीणों के विरोध के कारण कुछ समय तक कोयला परिवहन बाधित रहा। बाद में परियोजना प्रबंधन की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके पश्चात स्थिति सामान्य हुई।