विधायक को सम्मानित करते कन्हैया केसरी  
आसनसोल

दशकों बाद जामुड़िया बाजारवासियों को मिला अपना निजी छठ पूजा घाट

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : दशकों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जामुड़िया बाजारवासियों को अपना निजी छठ पूजा घाट मिल गया। छठ महापर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने संतोषी माता छठ घाट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं छठ पूजा समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि जामुड़िया बाजार क्षेत्र के छठव्रती वर्षों से छठ पूजा के लिए दामोदरपुर स्थित लॉक पोखर जाया करते थे। कुछ वर्ष पूर्व पोखर के मालिकों द्वारा वहां मिट्टी की कटाई किए जाने के कारण तालाब की स्थिति ऐसी हो गई कि उसमें छठ पूजा का आयोजन संभव नहीं रह गया। इसके बाद विकल्प के रूप में दामोदरपुर स्थित निमगोड़िया तालाब में छठ पूजा शुरू की गई। हालांकि पिछले वर्ष छठ पूजा के दौरान अर्घ्य देने के समय एक व्यक्ति की डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद श्रद्धालुओं ने सुरक्षित एवं व्यवस्थित छठ घाट के निर्माण की आवश्यकता महसूस की।

इसी संकल्प के साथ 11 नंबर काली मंदिर के निकट जेसीबी मशीन से मिट्टी कटाई कर एक नए तालाब का निर्माण कराया गया। अब इसी तालाब को संतोषी माता छठ पूजा समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है। लंबे समय से जिस निजी छठ घाट की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वह अब साकार हो गया है।

इस नए छठ घाट के मध्य में भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया केसरी के प्रयास से मंदिर निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। मंदिर के निर्माण से यह घाट आने वाले समय में धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है।

इस अवसर पर संतोषी माता छठ पूजा समिति के अध्यक्ष महेश सिंह, सचिव छोटू केसरी, रोहनराम रजक तथा सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया केसरी सहित कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्र में स्थायी छठ घाट की सुविधा उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस मौके पर कांग्रेस नेता बिश्वनाथ यादव ,भाजपा नेता निरंजन सिंह ,राणा बनर्जी सहित जामुड़िया बाजार के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

SCROLL FOR NEXT