जामुड़िया : छठ महापर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सेवा के लिए भाजपा की ओर से शेखपुर में सेवा शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में श्रद्धालुओं के बीच चाय, नाश्ता, फल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। हालांकि, इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं एवं समर्थकों पर सेवा शिविर में बाधा पहुंचाने तथा आयोजकों से 25 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा के स्थानीय नेता निरंजन मंडल ने आरोप लगाया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष दीप बनर्जी एवं जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी के सहयोग से इस सेवा शिविर का आयोजन किया गया था। इसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता रविलाल मुर्मू, सुनील शर्मा एवं मनोज तुरी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और शिविर में लगाए गए बैनर एवं पोस्टर फाड़ने का प्रयास किया।
निरंजन मंडल के अनुसार, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर शिविर लगाने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की गई। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर तत्काल जामुड़िया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही जा रही है। हालांकि, आरोपित तृणमूल कांग्रेस नेताओं की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।