जामुड़िया : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर शनिवार को सांध्य अर्घ्य के दौरान जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर तीन बजे से ही छठ व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। छठी मइया के भक्तिमय गीतों और भगवान सूर्यदेव की आराधना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
बोरो एक क्षेत्र के 39 तथा पंचायत समिति क्षेत्र के 11 छठ घाटों पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। इस वर्ष संतोषी माता छठ पूजा कमेटी की ओर से नवनिर्मित घाट पर विशेष रूप से पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 3 नंबर पंप हाउस महावीर अखाड़ा की ओर से नवनिर्मित छठ घाट के उद्घाटन समारोह में संतोषी माता छठ पूजा कमेटी के अध्यक्ष महेश सिंह एवं सचिव छोटू केसरी को सम्मानित किया गया। मौके पर रोहनराम रजक, विकास यादव सहित कई वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित थे। घाट पर आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापित की गई थी।
इसके अलावा शांतिनगर, एबी पिट सूर्यमंदिर, निघा इमलीधौड़ा, पुनियाटी खाद पोखरिया, बोगड़ा, सातग्राम, केंदा, परासिया एवं बेलबाद सहित विभिन्न घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से कई घाटों पर चेंजिंग रूम बनाए गए थे। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सा शिविर भी लगाए गए थे।
छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जामुड़िया थाना, श्रीपुर फाड़ी, केंदा फाड़ी तथा चुरुलिया आउटपोस्ट क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारी एवं जवान लगातार निगरानी कर रहे थे।
सांध्य अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।