जामुड़िया : बाल दिवस के अवसर पर श्याम मेटालिक्स फाउंडेशन की ओर से संचालित कंप्यूटर एवं ट्यूशन केंद्रों में विद्यार्थियों के साथ बाल दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उनके मनोरंजन के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता एवं म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों की प्रस्तुतियों एवं उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
इस समारोह में धसना एवं जामसोल स्थित दोनों केंद्रों के कुल 105 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में सभी बच्चों के बीच ड्राइंग किट एवं अल्पाहार वितरित किया गया। उपहार प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर श्याम मेटालिक्स फाउंडेशन की ओर से बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण, रचनात्मक क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया। फाउंडेशन द्वारा संचालित कंप्यूटर एवं ट्यूशन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आपसी सहयोग एवं सहभागिता की भावना विकसित करने तथा मनोरंजक वातावरण में सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। समारोह का समापन बच्चों की हंसी, मुस्कान और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच हुआ।