संबोधित करते माकपा नेता तापस कवि  
आसनसोल

एफआईआर के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर माकपा का जामुड़िया थाने पर जोरदार प्रदर्शन

डीवाईएफआई सम्मेलन पर हमले और महिला वामपंथी नेताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों को लेकर पुलिस को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : डीवाईएफआई की नंदी शाखा सम्मेलन के दौरान कथित तौर पर भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा किए गए हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में बुधवार को माकपा की ओर से जामुड़िया थाना घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान माकपा नेताओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नंदी शाखा सम्मेलन के दौरान डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया था। इस घटना को लेकर जामुड़िया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। माकपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप है, उन्हें विधायक के साथ रक्तदान शिविर में खुलेआम देखा गया। इसे लेकर उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर नाराजगी जताई।

इसके अलावा राज्यभर में वामपंथी महिला नेत्रियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां किए जाने के विरोध में भी माकपा ने आवाज बुलंद की। नेताओं के अनुसार, इस मामले में विभिन्न व्यक्तियों के खिलाफ साक्ष्यों के साथ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस से दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

इस अवसर पर माकपा जिला सचिव गौरव धल ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध के नाम पर हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है। पुलिस को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, वरिष्ठ माकपा नेता तापस कवि ने कहा कि राज्य में लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले हो रहे हैं। महिला नेताओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस ने शीघ्र कदम नहीं उठाया तो इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन में युवा नेता अरुणाभ , मुखर्जी, बुद्धदेव रजक वृंदावन दास, सब्यसाची चक्रवर्ती, जहानारा खान एवं ममता दत्ता सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT