जामुड़िया : जामुड़िया बोरो-1 अंतर्गत वार्ड संख्या 12 के निघा इलाके में रविवार को नवनिर्मित जनता सेवा केंद्र कार्यालय का उद्घाटन विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने फीता काटकर किया। इस केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के आम लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहना तथा उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए हर परिस्थिति में सहायता उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न त्योहारों का मौसम है। ऐसे में आम जनता को किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता पड़ती है, तो वे इस जनता सेवा केंद्र में आकर अपनी शिकायत एवं आवेदन दर्ज करा सकते हैं। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा यथासंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना और उनकी जरूरतों के समय उनके साथ खड़ा रहना है। जनता की समस्याओं का समाधान ही जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
वहीं, वार्ड संख्या 12 के शक्ति प्रमुख धर्मेंद्र नोनिया ने कहा कि निघा में जनता सेवा केंद्र की शुरुआत क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है। इसका एकमात्र उद्देश्य दिन-रात मेहनत कर आम जनता को बेहतर सेवा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में नगर निगम का चुनाव भी प्रस्तावित है। इस दौरान जनता को विभिन्न प्रकार के कार्यों एवं आवश्यकताओं के लिए सहायता की जरूरत पड़ेगी। केंद्र के माध्यम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि किसी भी व्यक्ति को अपने जरूरी काम के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
इस उद्घाटन समारोह में प्रमोद पाठक, मृत्युंजय बाउरी, विनोद पांडेय, अविनाश चतुर्वेदी, श्याम केवट, प्रकाश सिंह, पिंटू रुईदास एवं बृजू पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।