जरूरतमंद आदिवासी बच्चों के बीच वस्त्र व मिठाई वितरित
---पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव अजय कुमार खेतान की पहल पर साल तोड़ासेवा कार्य
जामुडिया : पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव अजय कुमार खेतान की पहल पर शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्यरत संस्था एजुकेशन फॉर ऑल की ओर से रविवार को सालतोड़ा थाना परिसर में जरूरतमंद आदिवासी छात्र-छात्राओं के बीच वस्त्र एवं मिठाई का वितरण किया गया। इस सेवामूलक पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के चेहरे पर खुशी लाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश देना था।
कार्यक्रम में सालतोड़ा की विधायक चंदना बाउरी, सालतोड़ा थाना के पुलिस अधिकारी एवं कर्मी तथा एजुकेशन फॉर ऑल के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के बीच वस्त्र एवं मिठाई वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और सफल जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव अजय कुमार खेतान ने कहा कि समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेषकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके भीतर आगे बढ़ने का विश्वास पैदा करने से बड़ा कोई सेवाकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं आदिवासी समुदाय के बच्चों को शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए।
खेतान ने कहा कि एक छोटी-सी पहल भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी खुशी ला सकती है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं सेवामूलक कार्यों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित वर्ग तक सहायता पहुंचाने वाले ऐसे प्रयासों से सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना को मजबूती मिलती है।