निरीक्षण करते थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह ठाकुर एवं सुकांत दास  
आसनसोल

आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

एबीपीट सूर्य मंदिर छठ घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया गया जोर

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जामुड़िया थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेन्द्रनाथ सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान एबीपीट सूर्य मंदिर छठ घाट का विशेष रूप से जायजा लिया गया। थाना प्रभारी ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक बुनियादी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, आवागमन के रास्ते, रोशनी, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। थाना प्रभारी ने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस मौके पर थाना प्रभारी सोमेन्द्रनाथ सिंह ठाकुर ने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। उन्होंने छठ पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा घाटों पर सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने की अपील की।

वहीं, भाजपा मंडल-4 के उपाध्यक्ष सन्नी सिंह ने कहा कि छठ पूजा हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का महापर्व है। एबीपीट सूर्य मंदिर छठ घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा समिति एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं की ओर से प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सभी लोग शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में महापर्व मना सकें।

उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पूजा के दौरान घाटों पर नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

SCROLL FOR NEXT