सभा में उपस्थित पदाधिकारी  
आसनसोल

25 साल बाद इनमुसा की नई केंद्रीय कमेटी का गठन, संगठन ने की घोषणा

--- कोल इंडिया की तरक्की के साथ कर्मचारियों के कैरियर ग्रोथ, वेलफेयर और सुविधाओं में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर दिया जोर

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : बोगड़ा स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एरिया कमेटी सातग्राम के सभागार में शुक्रवार को इनमुसा (इंडियन नेशनल माइंस सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन) की ओर से एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन की नई केंद्रीय कमेटी की घोषणा की गई। बताया गया कि लगभग 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद संगठन की नई कमेटी का गठन किया गया है। इस घोषणा के बाद संगठन के सदस्यों में उत्साह देखा गया।

संवाददाता सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने कहा कि इनमुसा कोल इंडिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। संगठन को पूरी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कोल इंडिया निरंतर प्रगति करेगा और इसके साथ ही कर्मचारियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का कैरियर ग्रोथ निर्धारित समय पर हो, साथ ही वेलफेयर तथा अन्य सुविधाओं में संगठन के सदस्यों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए, यह उनकी प्रमुख प्राथमिकता है।

नेताओं ने संगठन की वैधानिक स्थिति पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अब कानूनी रूप से इनमुसा के नाम से कोई दूसरा संगठन अस्तित्व में नहीं है। इसके समर्थन में संगठन की ओर से पंजीकरण के नवीनीकरण, संशोधित बायलॉज तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संवाददाताओं को उपलब्ध कराए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई कमेटी का गठन सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के तहत किया गया है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी अन्य व्यक्ति या गुट को इनमुसा के लेटरहेड का इस्तेमाल करने का कानूनी अधिकार नहीं है। ऐसा करने की स्थिति में संबंधित गतिविधियों को गैरकानूनी और गैरलोकतांत्रिक माना जाएगा तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानूनी परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इनमुसा पहले भी एक था, आज भी एक है और भविष्य में भी एक ही रहेगा।

इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत संगठन नेता जीवन बनर्जी को याद करते हुए उनके समर्थन में नारे लगाए। मौके पर देवेन्द्र कुमार पांडे, अनिल उपाध्याय, आरबी सिंह, अजीत सिंह, विजय सिंह, समीर चक्रवर्ती, विजय मौर्य, सुधीर कुमार, तनुज आनंद, अवधेश कुमार, शीतल यादव, कपिलदेव राम, जयंतो मित्रा सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT