जामुड़िया। जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल के 75वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 2 एवं 3 नवंबर को विद्यालय परिसर में हीरक जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने के लिए मंगलवार को विद्यालय के सभाकक्ष में पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान सहायक प्रधानशिक्षक सह शिक्षक प्रभारी रोहनराम रजक तथा सामाजिक कार्यकर्ता मनीष डालमिया, प्रदीप डोकानिया और महेश मेंगोतिया ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
आयोजकों ने बताया कि समारोह के पहले दिन 2 नवंबर को सुबह 9 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह विद्यालय से शुरू होकर थाना मोड़, सिनेमा मोड़, पेट्रोल पंप तथा सिद्धू-कान्हू प्रतिमा होते हुए पुनः विद्यालय पहुंचेगी। इसके बाद स्वागत गीत, दीप प्रज्वलन, अतिथियों का सम्मान, स्वागत नृत्य और विद्यालय के गौरवशाली इतिहास का परिचय प्रस्तुत किया जाएगा। दोपहर से विद्यार्थियों के विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम 7 से रात 9 बजे तक हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
समारोह के दूसरे दिन 3 नवंबर को अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के बाद स्वागत नृत्य और संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। दोपहर 12 से 3 बजे तक विद्यार्थी नृत्य, नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को मुख्य अतिथि तथा विद्यालय शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अतिरिक्त मंत्री अग्निमित्रा पॉल, अजय कुमार पोद्दार, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष तथा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों ने कहा कि हीरक जयंती विद्यालय की 75 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और परंपराओं को याद करने का अवसर है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों से समारोह में शामिल होने की अपील की।
इस मौके पर शिक्षक परिषद के सुरेश पांडेय, संतोष प्रसाद साव, विनोद साव, करण तांती, प्रवीर सरकार, नीरज कुमार शर्मा, अश्विनी कुमार सिंह, कौशलेश कुमार सिंह, मोनिका वर्मा, प्रतिमा कपूर चौहान, रणवीर कुमार महतो, उत्तम मुखर्जी सहित अन्य उपस्थित थे।