जामुड़िया : कोलकाता के चोरबागान में हुई हृदयविदारक त्रासदी में श्रद्धालुओं की दुःखद मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मृत श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त करने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से जामुड़िया के थानामोड़ सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी की ओर से कमेटी के सदस्यों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष भूषण गुप्ता ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि कोलकाता के चोरबागान में हुई यह त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक है। श्रद्धालुओं की असमय मृत्यु से समाज को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस दुःखद घड़ी में सभी की संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकसंतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
भूषण गुप्ता ने आगे कहा कि किसी अपने को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहना और उनके दुःख में सहभागी बनना हम सभी का मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अध्यक्ष भूषण गुप्ता के साथ अशोक नोनिया, अशोक सिंह, सचिव चंडि दत्ता, विनोद शाव, राजेश शर्मा, पवन नोनिया, रंजित गांधी, संतोष सिंह, पमपम नाड सहित थानामोड़ सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत श्रद्धालुओं के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।