जामुड़िया : आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया बोरो-1 अंतर्गत एबी पिट क्षेत्र में माता के जागरण का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में दुर्गापुर से आए गायक-गायिकाओं ने अपनी मधुर आवाज और मनमोहक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन होकर झूमने पर मजबूर हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश की वंदना के साथ हुआ। गणेश वंदना के पश्चात माता रानी के चरणों में भक्ति गीतों की प्रस्तुति अर्पित की गई। जैसे-जैसे कलाकारों ने माता के एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए, वैसे-वैसे पूरा आयोजन स्थल भक्तिरस में सराबोर होता चला गया। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए माता रानी के प्रति अपनी अटूट आस्था और श्रद्धा व्यक्त की।
दुर्गापुर से पहुंचे कलाकारों ने अपनी गायकी, संगीत और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई। माता के भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर सोरेन चौधरी, सनी सिंह, जंगबहादुर पासवान, विशाल सिंह, तुषार बहादुर, अजय राजवंशी, विक्की नोनिया, रवि नोनिया, अरुण सिंह, धीरज नोनिया, मिथिलेश पासवान, देवेंद्र पासवान एवं विशेष रूप से आमंत्रित भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे । माता के जागरण ने क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का संचार किया और श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से माता की आराधना करने का अवसर प्रदान किया।