वस्त्रदान करते जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह  News
आसनसोल

शारदीय उत्सव पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच भाजपा ने किया वस्त्रदान

पुनिआटी स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम, मां दुर्गा के स्वरूप में नारी शक्ति के सम्मान का दिया संदेश

Dhananjay Pathak

जामुड़िया: शारदीय नवरात्र एवं दुर्गापूजा के पावन अवसर पर पुनिआटी स्थित भाजपा कार्यालय में जरूरतमंद महिलाओं के बीच वस्त्रदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कैथी ग्राम की 100 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को वस्त्र प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से त्योहार की खुशियां जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के साथ नारी सम्मान, सेवा और सामाजिक दायित्व का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा बंगाल का सबसे बड़ा धार्मिक एवं सांस्कृतिक त्योहार है। मां दुर्गा की आराधना का यह पावन पर्व हमें शक्ति, भक्ति, करुणा और सेवा का मार्ग दिखाता है। सनातन संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है तथा कन्याओं में मां दुर्गा का दर्शन किया जाता है। ऐसे पवित्र अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को वस्त्र प्रदान करना मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा अर्पित करने के साथ मानव सेवा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियां लाई जा सकें। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सेवा और सहयोग की भावना से ही समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना सामाजिक दायित्व के साथ-साथ मानवीय संवेदना का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, किसान मोर्चा के राज्य समिति सदस्य उत्तम राय, जिला किसान मोर्चा उपाध्यक्ष कंचन मंडल, शक्ति केंद्र प्रमुख तापस बाउरी एवं बूथ प्रमुख संजय बाउरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT