आगमनी यात्रा में शामिल विधायक व अन्य भाजपा समर्थक  Nees
आसनसोल

भाजपा ने मां दुर्गा के आगमन की मंगलकामना के साथ निकाली आगमनी यात्रा

नवरात्र के पावन अवसर पर विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा, बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा का दिया संदेश

Dhananjay Pathak

भाजपा ने मां दुर्गा के आगमन की मंगलकामना के साथ निकाली आगमनी यात्रा

---नवरात्र के पावन अवसर पर विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा, बंगाल की सांस्कृतिक परंपरा का दिया संदेश

फोटो - आगमनी यात्रा में शामिल विधायक व अन्य भाजपा समर्थक

जामुड़िया : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा के आगमन की मंगलकामना और उनकी आराधना के संदेश के साथ जामुड़िया में भाजपा की ओर से आगमनी यात्रा निकाली गई। विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी के नेतृत्व में आयोजित इस शोभायात्रा में मां दुर्गा के स्वागत के साथ बंगाल की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

आगमनी यात्रा जामुड़िया गांव से आरंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों की परिक्रमा करते हुए थाना मोड़ स्थित बस स्टैंड पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों ने मां दुर्गा के आगमन की मंगलकामना करते हुए उनकी आराधना का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने कहा कि बंगाल की दुर्गापूजा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। मां दुर्गा का आगमन लोगों के लिए आस्था, आनंद और नई ऊर्जा का प्रतीक है। आगमनी गीतों और परंपराओं के माध्यम से मां के मायके आगमन की भावनात्मक अभिव्यक्ति बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट बनाती है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र और दुर्गोत्सव बुराई पर अच्छाई की विजय, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष तथा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। मां दुर्गा की आराधना से समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मकता का संचार होता है। उन्होंने बंगाल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

विधायक ने कहा कि दुर्गापूजा की परंपरा पीढ़ियों से लोगों को जोड़ती आई है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करता है।

इस आगमनी यात्रा में निरंजन सिंह, राणा बनर्जी, प्रतिमा बाउरी, रेणुका महतो, पूजा पासवान, साधन माजी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT