आसनसोल

परासिया कोलियरी हादसे में एक की मौत, 30 से अधिक मजदूरों के घायल होने का आरोप

प्रबंधक अशोक कर्मकार पर लापरवाही का आरोप, प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग

Dhananjay Pathak

जामुड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र अंतर्गत परासिया कोलियरी में 14 मई 2026 को हुए गंभीर हादसे को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग उठी है। आसनसोल जिला ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष गौतम कुमार राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिकायत पत्र भेजकर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र में एक मजदूर की मौत, 30 से अधिक श्रमिकों के घायल होने और लगभग 400 लोगों की जान जोखिम में पड़ने का आरोप लगाया गया है।

गौतम कुमार राय की ओर से 28 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र पर प्रधानमंत्री कार्यालय की डाक शाखा की 3 अक्टूबर 2026 की प्राप्ति मुहर लगी है। इसकी प्रतिलिपि कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बी. साईराम तथा ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा को भी भेजी गई है।

शिकायत के अनुसार, हादसे के दिन भूमिगत खदान में पहली पाली के दौरान कोयला काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर शक्तिशाली एयर ब्लास्ट हुआ, जिससे खदान की छत और दीवार का बड़ा हिस्सा ढह गया। मलबे की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत और 30 से अधिक मजदूरों के घायल होने का दावा किया गया है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि कोयला निकालने के बाद खाली स्थानों को नियमानुसार बालू से नहीं भरा गया था। इससे खदान में हवा का दबाव बढ़ने और एयर ब्लास्ट की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने परासिया कोलियरी के प्रबंधक अशोक कर्मकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

गौतम कुमार राय ने खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के माध्यम से दुर्घटना की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उन्होंने छत गिरने, मापन संबंधी त्रुटियों और सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच के साथ सर्वेयर, माइनिंग ओवरमैन तथा प्रबंधक की भूमिका की पड़ताल करने का आग्रह किया है।

पत्र में पंप ऑपरेटरों सहित अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने प्रधानमंत्री से निष्पक्ष जांच कराकर आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT