पूजा से पहले तेज आंधी-बारिश का कहर, चार घर क्षतिग्रस्त
दो परिवारों ने आंगनबाड़ी केंद्र में ली शरण, प्रशासन ने पहुंचाई प्राथमिक राहत सामग्री
जामुड़िया : दुर्गापूजा में अब कुछ ही दिन शेष हैं और क्षेत्र में उत्सव की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। इसी बीच बुधवार शाम अचानक हुई तेज बारिश और आंधी ने जामुड़िया थाना क्षेत्र के बागडिहा गांव के बाउरीपाड़ा इलाके में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण चार घर क्षतिग्रस्त हो गए। कहीं टीन की छत उड़ गई, तो कहीं छत टूटकर नीचे गिर पड़ी। वहीं, एक घर की मिट्टी की दीवार भी ढह गई। दीवार के नीचे दबने से घर के जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
आंधी-बारिश के बाद दो प्रभावित परिवारों को अपना घर छोड़कर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र तथा आईसीडीएस केंद्र में अस्थायी रूप से आश्रय लेना पड़ा। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार शाम अचानक तेज बारिश के साथ आंधी शुरू हुई। कुछ ही देर में चार घर इसकी चपेट में आ गए। इनमें दो घरों की टीन की छत पूरी तरह उड़ गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रभावित परिवारों के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचाया। वहीं, अन्य दो घर भी क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन उनमें नुकसान अपेक्षाकृत कम बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार रात ही जामुड़िया प्रखंड प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच सूखा भोजन, कपड़े और खाना बनाने की सामग्री समेत प्राथमिक राहत सामग्री वितरित की गई।
पूजा से ठीक पहले हुई इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।