कार्यक्रम में उपस्थित आयोजन समिति  News
आसनसोल

जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल के 75वें वार्षिकोत्सव की तैयारी को लेकर आयोजन समिति की बैठक

2 एवं 3 नवंबर को होंगे विविध कार्यक्रम, शोभायात्रा, साहित्य संगोष्ठी व हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन

Dhananjay Pathak

जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल के 75वें वार्षिकोत्सव की तैयारी को लेकर आयोजन समिति की बैठक

— 2 एवं 3 नवंबर को होंगे विविध कार्यक्रम, शोभायात्रा, साहित्य संगोष्ठी व हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन

फोटो - बैठक में उपस्थित आयोजन समिति के सदस्य

जामुड़िया : विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख हिंदी माध्यम विद्यालयों में शामिल जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल अपने 75वें वार्षिकोत्सव को विशेष रूप से आयोजित करने की तैयारी में जुट गया है। आगामी 2 एवं 3 नवंबर को प्रस्तावित दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को लेकर बुधवार को विद्यालय में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानशिक्षक रोहनराम रजक ने की।

बैठक में वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। दो दिवसीय समारोह के तहत विशाल शोभायात्रा निकालने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की शिक्षा नीति पर परिचर्चा, हास्य कवि सम्मेलन तथा साहित्य संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नाटक, नृत्य एवं संगीत की रंगारंग प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। समारोह के दौरान शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यप्रेमियों तथा साहित्य से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को सम्मानित करने की भी योजना है।

प्रधानशिक्षक रोहनराम रजक ने कहा कि जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल की 75 वर्षों की यात्रा केवल विद्यालय की उपलब्धियों का इतिहास नहीं, बल्कि क्षेत्र में हिंदी शिक्षा के विकास और सामाजिक चेतना की भी महत्वपूर्ण कहानी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के 75वें वार्षिकोत्सव को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा क्षेत्र के लोगों को भी विद्यालय की गौरवशाली यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में पवन अग्रवाल, प्रदीप डोकानिया, महेश मेगोतीया, विश्वनाथ यादव, विनोद साव, संदीप खेतान सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने तथा आयोजन की तैयारियों को समय पर पूरा करने पर भी चर्चा की गई।

SCROLL FOR NEXT