आसनसोल

अंडाल में DVC गेट पर भिड़े नए-पुराने भाजपा समर्थक

समर्थक ट्रकों से अवैध वसूली को लेकर चले लात-घूंसे

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

अंडाल : अंडाल स्थित डीवीसी-डीएसटीपीएस प्लांट के मुख्य गेट पर तथाकथित नए और पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद डीवीसी में लाइम स्टोन और अन्य कच्चा माल लेकर आने वाले ट्रकों से अवैध वसूली (तोलाबाजी) को लेकर शुरू हुआ। वहीं देखते ही देखते तीखी नोकझोंक मारपीट में बदल गई। इलाके में तनाव बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठियां फटकार कर हालात पर काबू पाया।

पुराने कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा

अंडाल गांव निवासी व पुराने भाजपा कार्यकर्ता ध्रुव पांडे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कई असामाजिक तत्व भाजपा का चोला ओढ़कर तोलाबाजी का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल के शासन में जिस तोलाबाजी और कटमनी संस्कृति के खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी, आज TMC से आए स्वघोषित भाजपाई हमारी ही पार्टी के झंडे तले वही धंधा चला रहे हैं। वहीं जब हमने डीवीसी के गेट पर ट्रक ड्राइवरों से हो रही जबरन वसूली का विरोध किया, तो इन लोगों ने हमला कर दिया।

भाजपा कार्यकर्ता सोनाली धारा ने भी आक्रोश जताते हुए कहा कि 4 मई के बाद पार्टी में शामिल हुए अवसरवादी तत्व संगठन की छवि को धूमिल कर रहे हैं। पुराने कार्यकर्ताओं ने रानीगंज के विधायक से मामले में तुरंत दखल देने और पार्टी स्तर पर जांच बैठाकर कार्रवाई करने की मांग उठाई।

आरोपी युवक का दावा- कंपनी के कहने पर ले रहे थे अनलोडिंग चार्ज

इधर, मौके पर पकड़े गए युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह मध्य प्रदेश की एक निजी कंपनी के अधीन कार्यरत है। कंपनी के अधिकारी के निर्देश पर ही वह ड्राइवरों से 600 से 1000 रुपये प्रति ट्रक अनलोडिंग चार्ज के रूप में ले रहा था, यह कोई अवैध वसूली नहीं है।

पुलिस बोली- शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई

इधर पुलिस का कहना है कि गेट पर हंगामे की सूचना मिलते ही फोर्स भेजकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलते ही मामले की कानूनी जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT