आसनसोल

न तो बारिश हुई, न ही तूफान आया और अचानक आई बाढ़, मची अफरा-तफरी

हादला तालाब का बांध टूटने से वार्ड 56 के करीब 100 घर हुये प्रभावित/तालाब मालिक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के वार्ड 56 स्थित कई इलाकों के तालाब का बांध टूटने से अचानक क्षेत्र प्रभावित हो गया, जिसका लगभग 100 घरों पर असर पड़ा है। देखा गया कि न तो बारिश हुई, न ही कोई तूफान आया और अचानक पानी की तेज धारा आई और इलाके को तबाह कर दिया। गौरतलब है कि वार्ड 75 स्थित हादला इलाका स्थित हादला तालाब का बांध टूटने से वार्ड 56 में शुक्रवार दोपहर कई घरों में पानी चला गया, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हुआ। घरों में पानी घुसने की खबर वार्ड पार्षद श्रावणी विश्वास को दी गई। श्रावणी विश्वास ने मौके पर पहुंच कर जगह का निरीक्षण कर लोगों को आश्वाशन दिया कि पानी रोकने का उपाय किया जा रहा है और इसकी सूचना बोरो चेयरमैन को दी। मौके पर मौजूद पार्षद श्रावणी विश्वास ने बताया कि आनंदनगर इलाका, राधानगर रोड एवं रेलगेट खटाल इलाका तालाब के पानी से प्रभावित हुआ है और इससे राहत पाने के लिए उपाय किया जा रहा है।

तालाब मालिक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग

पार्षद जब बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे तो स्थानीय निवासियों ने कहा कि घर का अनाज और अन्य सामग्री इस पानी से नष्ट हो गई हैं, इसके लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई आपदा नहीं है, फिर भी वे लोग आपदा के शिकार हये हैं। साथ ही क्षेत्र के लोगों ने कहा कि यह घटना दिन में हुई है, अगर रात में होती तो क्या होता और किसी की जान भी जा सकती थी। उनकी मांग है कि तालाब मालिक पर एफआईआर दर्ज किया जाये। पार्षद श्रावणी विश्वास ने लोगों को समझाया और कहा कि पहले रिकवरी की जा रही है, इसके बाद तालाब मालिक से बात की जायेगी। वहीं तालाब मालिक के नहीं रहने पर उन्हें फोन से बात की गई और कहा गया कि बालू का बोरा से बांध को बांधा जाये।

आसनसोल नगर निगम ने की राहत सेवा

आसनसोल नगर निगम के बोरो 7 के चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण कर लोगों को राहत सेवा प्रदान करने की कोशिश की। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उनके लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय से इन समस्याओं के बारे में बताया गया। मेयर बिधान उपाध्याय ने 5 क्विंटल चावल की व्यवस्था कर लोगों को राहत सेवा दी।

SCROLL FOR NEXT