सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पवित्र अवसर पर आसनसोल एवं बर्नपुर में धार्मिक उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। गौरतलब है कि सुबह से ही मस्जिद में विशेष नमाज और दुआ का आयोजन किया गया। विश्व पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों और मदरसों की ओर से शांति मार्च और जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। हाथों में इस्लामिक झंडे और पैगंबर की शिक्षाओं से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोग सड़क पर निकले और शांति, भाईचारे तथा मानवता का संदेश दिया। मौके पर बर्नपुर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती नईमुद्दीन मिसबाही ने पैगंबर साहब के जीवन, उनके पैगाम और इंसानियत के लिए दी गई शिक्षाओं पर रोशनी डाली। मौके पर बर्नपुर जामा मस्जिद के कार्यकारी अध्यक्ष असलम खान ने कहा कि विभिन्न इलाको से लोग आकर जामा मस्जिद में पास आये और अमन, चैन, तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष प्रार्थना की। साथ ही जुलूस के दौरान क्षेत्र में लोगों की बड़ी मौजूदगी रही, जिसके कारण पुलिस प्रशासन की ओर से काफी सुरक्षा तैनात थी और नबी दिवस को शांती और अमन बनाने के लिए प्रशासन को धन्यवाद दिया । आगे कहा कि आयोजन में शामिल लोगों ने आपसी प्रेम, सद्भाव और समाज में शांति बनाए रखने का संदेश दिया। इस मौके पर इमाम घर्मपुर, इमाम हुसैननगर, जमाउलुम मदरसा के मौलाना सिराजुउल हक, हाफीज आजीम, मोहम्मद कुदूस, बर्नपुर नौजवाने एहले सुन्नत कमेटी के महासचिव महफजूल हसन सहित अन्य लोग मौजूद थे।