मुर्शिदाबाद : लालगोला थाने की पुलिस ने शुक्रवार की मध्य रात हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का नाम अब्दुल करीम है। उसका घर लालगोला पुलिस स्टेशन के चटाईडुबी में है। उसके पास से 501 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। शनिवार को गिरफ्तार तस्कर को बहरमपुर में विशेष ड्रग कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसके सात दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की गई। न्यायाधीश ने उसे छह दिनों के पुलिस हिरासत का आदेश दिया। भगवानगोला एसडीपीओ उत्तम गोराई ने बताया कि गिरफ्तार ड्रग तस्कर सीमावर्ती क्षेत्र में एक अन्य तस्कर के साथ हेरोइन का आदान-प्रदान करने जा रहा था। इससे पहले उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसके पास से जब्त हेरोइन का बाजार मूल्य लगभग 13 लाख रुपया है। लालगोला थाने की पुलिस ने बताया कि सूत्रों से सूचना मिली थी कि शुक्रवार रात श्रीमंतनगर इलाके से मादक पदार्थ की तस्करी की जाएगी। इसके बाद श्रीमंतनगर में कलकली घाट से सटे क्षेत्र में निगरानी शुरू की गई। युवक शुक्रवार की मध्य रात अपनी बाइक से सीमा की ओर जा रहा था। पुलिस को देखकर उसने अपनी बाइक मोड़ ली और भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसका पीछाकर उसे पकड़ लिया। उल्लेखनीय है कि इन दोनों नशीली दवाओं के तस्कर बेहद सक्रिय हो गए हैं। पिछले 21 अप्रैल को पुलिस ने भगवानगोला थाना अंतर्गत चरबाबूपुर पूर्वपाड़ा से 3 किलो 200 ग्राम हेरोइन और 30,000 याबा टैबलेट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया था।