कार्रवाई स्थल पर पहुंचे विधायक लखन घोरुई  
आसनसोल

अवैध निर्माणों पर नगर निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सरकारी जमीन पर कब्जा मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

दुर्गापुर : दुर्गापुर में प्लान से हटकर किए जा रहे निर्माण और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाया। दुर्गापुर नगर निगम की निगरानी में वार्ड संख्या 14 और 15 में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विधायक लखन घोरूई भी मौके पर मौजूद रहे और अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अवैध निर्माण करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वार्ड संख्या 14 के नतूनपल्ली इलाके में एक निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत में स्वीकृत नक्शे से हटकर बनाए गए बड़े जलाशय (वॉटर रिजर्वायर) के खिलाफ नगर निगम ने बुलडोजर चलाया। हालांकि जलाशय का आकार और मजबूत संरचना होने के कारण उसे पूरी तरह नहीं तोड़ा जा सका। इसके बाद निर्माणकर्ता को तीन दिन के भीतर स्वयं इसे हटाने का अंतिम निर्देश दिया गया। दुर्गापुर नगर निगम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं करने पर दोबारा कार्रवाई की जाएगी और संबंधित पक्ष पर तीन गुना आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। विधायक लखन घोरूई ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य हुए हैं। वहीं जहां दो मंजिल की अनुमति थी, वहां तीन या उससे अधिक मंजिलें बना दी गईं।

प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्ति का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के अवैध निर्माण को प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त था। साथ ही उन्होंने तृणमूल के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और व्यवसायी कवि दत्ता पर भी आर्थिक लाभ लेने का आरोप लगाया। इसी दिन वार्ड संख्या 15 के भगत सिंह नगर क्षेत्र में सड़क और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बहुमंजिला भवन निर्माण की शिकायत के बाद नगर निगम ने जमीन की पैमाइश कराई। दोनों पक्षों के नियुक्त अमीनों की मौजूदगी में माप-जोख की गई। विधायक ने कहा कि यदि जांच में सरकारी जमीन पर कब्जा या स्वीकृत नक्शे से हटकर निर्माण की पुष्टि हुई तो बिना किसी रियायत के तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। दुर्गापुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान से हड़कंप मचा हुआ है।

SCROLL FOR NEXT