बांकुड़ा : बड़जोड़ा थाना अंतर्गत हाटअसुरिया गांव में मिट्टी का घर ढहने से दंपति मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी घायल हो गयी है। मृतक का नाम साधन बाउरी (61) है। जानकारी के अनुसार साधन बाउरी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला है। योजना के तहत उन्होंने पक्का घर भी बनाया। लेकिन पक्का घर में उसके बेटे, बहु रह रहे है। साधन अपनी पत्नी सारथी बाउरी के साथ मिट्टी के घर में रह रहे थे। बारिश के कारण अचानक मिट्टी का घर ढह गया। उस वक्त उक्त दंपति घर के अंदर आराम कर रहे थे। मृतक के पुत्र वधू कोची बाउरी ने बताया कि खेत से लौटने के बाद उनके सास -ससुर मिट्टी के घर में आराम कर रहे थे। बारिश शुरू होते देख उन्होंने उन्हें पक्का घर में आने को कहा लेकिन दोनों नहीं आये। बारिश तेज होते ही घर ढह गई। आस-पास के लोगों ने दोनों को बाहर निकाल बड़जोड़ा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने ससुर को मृत घोषित कर दिया। बड़जोड़ा बीडीओ कार्तिक चंद्र राय ने कहा कि आवास योजना के तहत साधन बाउरी को पक्का घर मिला है। उन्होंने हादसे पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि आवेदन करने पर मुआवजा दिया जायेगा।