दुर्गापुर : दुर्गापुर सिटी सेंटर अंतर्गत नेहरू एवेन्यू इलाके में बीते 16 मार्च को हुई एक दुस्साहसिक चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में पिता तरुण भंडारी, मां पिंकी भंडारी और उनकी नाबालिग बेटी को पकड़ा गया है। वहीं पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि पकड़ी गई नाबालिग लड़की का शिकायतकर्ता के घर में आना-जाना था और उसी ने इस पूरी साजिश की पटकथा लिखी थी। वहीं घटना के संबंध में बताया गया कि शिकायतकर्ता बिमल महतो और उनकी पत्नी जब 16 मार्च की शाम को घर से बाहर गए थे, उसी दौरान शाम पौने छह बजे से रात साढ़े नौ बजे के बीच चोरों ने घर को निशाना बनाया। आरोप है कि पड़ोसी नाबालिग लड़की ने ही बिमल महतो के परिवार के सदस्यों को बाहर घूमने जाने के लिए बार-बार दबाव बनाया था। वहीं जब उक्त परिवार बाहर घूमने निकला, तभी पीछे से इस वारदात को अंजाम दिया गया। घर लौटने पर परिवार ने देखा कि दो जोड़ी कान के झुमके, एक जोड़ी टॉप, एक मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, सोने की तीन अंगूठियां और नगद 70 हजार रुपये समेत कुल 4 लाख रुपये के आभूषण और नकदी गायब हैं। चोरी की इस घटना के बाद 17 मार्च को बी-जोन फांड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर 18 मार्च को तीनों अभियुक्तों को पकड़ लिया। वहीं पुलिस पूछताछ में यह संकेत मिले कि घर की पूरी जानकारी होने के कारण अभियुक्तों ने बड़ी आसानी से कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। अब चोरी किए गए गहनों और नकदी की बरामदगी के प्रयास जारी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों, विशेषकर नाबालिग बेटी की संलिप्तता ने इलाके के लोगों को हैरान कर दिया है।