आसनसोल : आसनसोल जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में पोषण पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया। बता दें कि पांच वर्ष तक के आयु के वे बच्चे जो कुपोषण से पीड़ित हैं, उन्हें इस केंद्र में रखा जाएगा। जिला अस्पताल के आपातकालीन विभाग के ऊपर की मंजिल पर 10 बिस्तरों वाला यह यूनिट बनाया गया है। कुपोषित बच्चों को कम से कम 14 दिनों तक इस यूनिट में रखा जाएगा। साथ ही एक मुख्य विशेषता यह है कि बच्चों की माताएं भी उनके साथ इस विभाग में रह सकेंगी। इस अवसर पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार अन्य सेवाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है और इसके लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल में केवल आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों से ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने आते हैं। उनका कहना है कि इस नए यूनिट के शुरू होने से सभी क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। यहां एक विशेष फीडिंग जोन की व्यवस्था की गई है। बच्चों के सुरक्षित रूप से खेलने के लिए केंद्र के एक हिस्से को प्ले-स्कूल की तर्ज पर विकसित किया गया है, जहां विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे खिलौने रखे गए हैं। इस मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, पश्चिम बर्दवान के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) डॉ. मोहम्मद यूनुस, जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. तपन कुमार विश्वास सहित अनेक चिकित्सक, नर्स एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।