सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम द्वारा शुरू की जा रही विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को लेकर आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक नगर निगम की सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास और नगरपालिका कार्य विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने की। गौरतलब है कि बैठक में आसनसोल नगर निगम की विभिन्न योजनाओं, जनसेवाओं और चल रही पहलों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न हितधारक संगठनों और विभागों के प्रमुख मुद्दों और चल रहे कार्यों पर भी चर्चा हुई। बैठक में योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, लोगों तक सेवाओं की पहुंच और कार्यों में आ रही बाधाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई। वहीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने जानकारी दी कि आसनसोल शहर के भविष्य को लेकर आज नगर निगम में एक बड़ी और महत्वपूर्ण विशेष प्रशासनिक बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि अब आसनसोल के विकास में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। बैठक में शहर की नागरिक सेवाओं, सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, बुनियादी ढांचे और कानून-व्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दों पर एक-एक करके विस्तार से चर्चा हुई। सबसे ज्यादा जोर इस बात पर दिया गया कि नागरिकों के हित से जुड़े विकास कार्य अब और तेज गति से और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। अधूरी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने और आम लोगों को समय पर सुविधा पहुंचाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में रही इनकी उपस्थिति: बैठक में मंत्री अजय पोद्दार , आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, रानीगंज विधायक पार्थ घोष, जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा, सचिव अमित सेठ, पश्चिम बर्दवान के जिलाशासक एस पन्नोबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर प्रणव कुमार, एसडीओ साधन देबनाथ भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनू भट्टाचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल थे।