आसनसोल

स्टोर में वर्षों से पड़ी सफाई सामग्रियों को देख भड़कीं मंत्री

आसनसोल नगर निगम के केंद्रीय स्टोर का औचक निरीक्षण करने पहुंचीं मंत्री अग्निमित्रा पाल

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के कालीपहाड़ी बागबंदी मोड़ स्थित केंद्रीय स्टोर में शुक्रवार को नगर निगम विकास व महिला तथा बाल कल्याण विभाग मंत्री अग्निमित्रा पाल औचक निरीक्षण करने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान स्टोर में बड़ी मात्रा में सफाई उपकरण, गाड़ियां और सुरक्षा सामग्री को वर्षों से बिना इस्तेमाल किए बेकार पड़े देखकर उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने देखा कि वहां सड़क साफ करने वाली स्प्रिंकलर गाड़ी, कचरा संग्रह करने वाली गाड़ियां, कचरा ढोने वाले साइकिल वैन, घरेलू व सामुदायिक डस्टबिन सहित सफाई संबंधित कई उपकरण अब तक वितरण नहीं किए गए थे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से सवाल किया कि बार - बार टेंडर निकाल कर सामग्री खरीदी गई, लेकिन वह आमलोगों और सफाई कर्मियों तक क्यों नहीं पहुंची। काफी मात्रा में सामग्री खरीदी गई, लेकिन उसे कार्यक्षेत्र में इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने विशेष रूप से दो हजार जोड़ी गमबूट स्टोर में पड़े रहने पर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को नंगे पैर अथवा चप्पल पहन कर काम करते हुए देखा जा रहा है। कर्मियों के लिए खरीदे गए गमबूट स्टोर में रख कर आखिर क्या जताना चाहते हैं ? उन्होंने स्टोर अधिकारियों अभियंताओं और नगर निगम के प्रशासन को स्टोर में सभी सामग्रियों की विस्तृत रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया। रिपोर्ट में सामग्रियों की संख्या, वर्तमान स्थिति और उनके वितरण तथा उपयोग की योजना शामिल करने को कहा गया। उन्होंने लंबे समय से पड़े कई कचरा संग्रह व सड़क सफाई को लेकर भी नाराजगी जतायी। नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि बीएस -3 इंजन नियमों में बदलाव के कारण कुछ गाड़ियों का पंजीकरण नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि उपयोग योग्य सामग्रियों को अविलंब इस्तेमाल में लाना चाहिए ताकि सफाई कर्मियों को जरूरी सुरक्षा सामग्री मिल जाए और शहर की सफाई बेहतर हो सके। इसके पहले मंत्री अग्निमित्रा पाल आसनसोल नगर निगम की ओर से बनाई गई होलसेल मार्केट को देखा।

SCROLL FOR NEXT