सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम क्षेत्र को कचरा मुक्त और प्रदूषण रहित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एक अत्याधुनिक सड़क सफाई और कचरा उठाने वाली मशीन का विधिवत उद्घाटन किया गया। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कचरा उठाने वाली मशीन और सेव वाटर को लेकर एक टेब्लो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गौरतलब है कि इस नई मशीन से सड़कों की सफाई और कचरा उठाने का काम तेजी से और बेहतर तरीके से हो सकेगा। मौके पर आसनसोल नगर निमग के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि कचरा उठाने वाली मशीन वेक्यूम बेस मशीन है जो सड़क किनारे से खुद-ब-खुद कचरा इकट्ठा कर सकती है, जिससे सफाई प्रक्रिया अधिक तीव्र और असरदार बनेगी। इस नई तकनीक के शामिल होने से शहर की मुख्य सड़कों की सफाई अब और भी तेजी और सटीकता से हो सकेगी। यह मशीन कम समय में अधिक क्षेत्र को साफ करने में सक्षम है। यह सड़कों से धूल और बारीक कचरे को पूरी तरह से सोख लेती है, जिससे हवा में धूल के कण नहीं फैलते और वायु प्रदूषण पर भी लगाम लगती है। आगे कहा कि अभी एक मशीन का उदधाटन हुआ है धीरे-धीरे आसनसोल को एक स्मार्ट और क्लीन सिटी बनाने के लिए अत्याधुनिक सड़क सफाई और कचरा उठाने वाली मशीन लाया जायेगा। साथ ही कहा कि सेव वाटर को लेकर एक टेब्लो का भी उद्घाटन मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने की है जो नगर निगम क्षेत्र में घूम कर अवैध वाटर कनेक्शन एवं पानी बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करेगा। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के अधिकारी सहित कर्माचारी मौजूद थे।