अधिकारियों के साथ बैठक करते मंत्री डॉ. अजय पोद्दार  
आसनसोल

मंत्री डॉ. अजय पोद्दार पदभार संभालने के बाद आये एक्शन मोड में

अधिकारियों के साथ की बैठक

कुल्टी : कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक व राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कोलकाता सॉल्टलेक सेक्टर 5 में पीएचई विभाग का कार्यभार ग्रहण किया जहां विभाग के सचिव रणधीर कुमार ने मंत्री अजय पोद्दार को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने विभाग के उच्च अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ एक बैठक की। इस बैठक में मंत्री डॉ. पोद्दार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित हर घर नल योजना को पारदर्शिता के साथ लागू करना है। उन्होंने कहा कि नदिया जिला में 80 से 90 प्रतिशत काम पूरा किया गया है। इस योजना के तहत सौ प्रतिशत काम पूरा करने का भरोसा दिया। डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि PHE डिपार्टमेंट का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर नागरिक को पीने का साफ पानी उपलब्ध कराना है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिना किसी भेदभाव के हर परिवार को अच्छी क्वालिटी का पीने का पानी देने का इंतजाम किया जाएगा। इसके साथ ही, पानी की क्वालिटी की जांच, ग्राउंडवाटर लेवल की सुरक्षा, पानी की बचत और मॉडर्न टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल को खास अहमियत दी जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण इलाकों में हर प्रोजेक्ट तय समय में पूरा होना चाहिए। अधिकारियों का मूल्यांकन उनकी स्किल और परफॉर्मेंस के आधार पर किया जाएगा। कोई रैंक नहीं, बल्कि काम और कुशलता ही सफलता का एकमात्र पैमाना होगा। मंत्री ने साफ संदेश दिया, “आपको बिना डरे काम करना है। आपको काम से खुद को साबित करना है। आप कितने बड़े पद पर हैं, यह मायने नहीं रखता, आपका काम और कुशलता ही आपकी पहचान तय करेगी। ” उन्होंने कहा कि डिपार्टमेंट के सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जायेगी। आम लोगों की शिकायतों का जल्दी समाधान किया जायेगा और यह सुनिश्चित किया जायेगा कि सरकार की योजना हर घर तक पहुंचे।

SCROLL FOR NEXT