कुल्टी : स्वतंत्रता दिवस पर देश भर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कुल्टी के विधायक व राज्य के लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय पोद्दार के नेतृत्व में बराकर स्टेशन रोड से हनुमान चढ़ाई तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा में कुल्टी स्काउट एंड गाइड के बच्चों ने आगे-आगे अनुशासित परेड करते हुए यात्रा का नेतृत्व किया। इस अवसर पर जराव देवी विद्यालय, मारवाड़ी विद्यालय, आदर्श विद्यालय, बेगुनिया स्कूल, कुल्टी गर्ल्स स्कूल, कुल्टी बॉयज स्कूल, बालिका विद्यालय कुल्टी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा बराकर चेंबर ऑफ कॉमर्स, बेगुनिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं, बोल बम समिति बेगुनिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा में शामिल मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने देश की आजादी के लिए भारत तथा विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के वीर महान शहीदों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। तिरंगा हमारे गौरव, एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है तथा हमें सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।