इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : जनजातीय समाज की परंपरा, संघर्ष और आत्मसम्मान को याद करते हुए शनिवार को दुर्गापुर स्थित केंद्रीय अनुसंधान संस्थान सीएसआईआर-सीएमईआरआई में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के आदिवासी विकास एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री क्षुदिराम टुडू ने किया। इस अवसर पर सीएमईआरआई के निदेशक नरेश चंद्र मुर्मू सहित कई वरिष्ठ वैज्ञानिक और अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री क्षुदिराम टुडू ने सीएमईआरआई के शोध और तकनीकी कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटे ट्रैक्टर सहित विभिन्न प्रकार के आधुनिक कृषि उपकरण विकसित किए जा रहे हैं। ये उपकरण विशेष रूप से कृषि कार्यों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के आम लोगों को लाभ मिल रहा है।
मंत्री ने कहा कि केवल अनुसंधान संस्थान में उपकरण विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन तकनीकों को आम लोगों तक पहुंचाना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ उपकरण सब्सिडी के माध्यम से भी दिए जा रहे हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी आधुनिक तकनीक का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि अनुसंधान में विकसित तकनीक का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका उपयोग आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में हो। कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल बढ़ने से लोगों के श्रम और समय की बचत होगी। साथ ही कृषि उत्पादन और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी इन तकनीकों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
वही कार्यक्रम में सीएमईआरआई के निदेशक नरेश चंद्र मुर्मू सहित संस्थान के वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विकास के साथ-साथ उसके लाभ समाज के पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कुल मिलाकर, जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के माध्यम से एक ओर जहां आदिवासी समाज की विरासत और पहचान को सम्मान देने का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर विज्ञान एवं तकनीक के जरिए ग्रामीण और वंचित समुदायों के विकास का संकल्प भी सामने आया।